Kaushiki Mishra : फिल्म “बियॉन्ड द क्लाउड” में काम कर चुकी अभिनेत्री कौशिकी मिश्रा का कहना है कि बिना किसी लक्ष्य के इंसान कभी भी सफलता हासिल नहीं कर सकता। आइए पढ़ते हैं शाहजहांपुर की उभरती हुई अभिनेत्री कौशिकी मिश्रा से हुई बातचीत के संपादित अंश।
कौन हैं कौशिकी मिश्रा(Kaushiki Mishra)?
कौशिकी मिश्रा (Kaushiki Mishra) एक अभिनेत्री हैं, जो उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम श्री अशोक कुमार मिश्रा और माता का नाम श्रीमती किरण मिश्रा है। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की।
कौशिकी को अभिनय की शुरुआती शिक्षा शाहजहांपुर में श्री ज़रीफ मलिक आनंद के निर्देशन में मिली। इसके बाद उन्होंने भारतेंदु नाट्य अकादमी से नाट्य में डिप्लोमा किया और एसआरएफटी कोलकाता से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया।
कौशिकी मिश्रा ने कई शॉर्ट फिल्मों, धारावाहिकों और एपिसोडिक शोज़ में काम किया है। उन्होंने यारों का टशन, नीली छतरी वाले, मंदार जैसे धारावाहिकों में भी अभिनय किया है। इसके अलावा उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान पर बनी शॉर्ट फिल्म में भी काम किया।
उन्होंने ऑस्कर विजेता निर्देशक माजिद मजीदी की फिल्म “बियॉन्ड द क्लाउड” में भी अभिनय किया है। कौशिकी मिश्रा एक बड़ी और प्रतिष्ठित अभिनेत्री बनना चाहती हैं।
आपने अपने करियर के लिए अभिनय को ही क्यों चुना?
कौशिकी मिश्रा बताती हैं कि बचपन से उनका सपना पुलिस ऑफिसर बनने का था। उनके परिवार और ननिहाल में अधिकतर लोग बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े हुए थे और चाहते थे कि वह भी बैंक में नौकरी करें।
लेकिन उनके मन में पुलिस सेवा को लेकर असमंजस बना रहा। बाद में उन्होंने कुछ अलग करने का फैसला किया और अभिनय के क्षेत्र में आ गईं। उनका मानना है कि अभिनय के जरिए वह पुलिस ऑफिसर, बैंकर, डॉक्टर या इंजीनियर जैसे कई किरदार निभा सकती हैं, और इसी वजह से उन्होंने इस क्षेत्र को चुना।
आप आगे किस तरह का काम करना चाहती हैं?
कौशिकी मिश्रा (Kaushiki Mishra) कहती हैं कि उनका सपना फिल्मों में काम करने का है, लेकिन वह फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीज में भी काम करना चाहती हैं।
यदि उन्हें किसी अच्छे कॉन्सेप्ट पर मजबूत भूमिका मिलती है, तो वह टीवी सीरियल में भी काम करने के लिए तैयार हैं।
अब तक आपको किन समस्याओं का सामना करना पड़ा?
कौशिकी बताती हैं कि उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा है। वह एक ब्राह्मण परिवार से आती हैं और उत्तर प्रदेश में अक्सर ब्राह्मण परिवारों की लड़कियों को अभिनय या नाच-गाने के क्षेत्र में आने की स्वतंत्रता नहीं दी जाती।
उन्होंने इस रूढ़िवादी सोच को तोड़ा और अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। इसके अलावा मुंबई में काम पाना भी एक बड़ी चुनौती रही, क्योंकि इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर या पहचान नहीं थी। उन्हें अपने टैलेंट के दम पर ही आगे बढ़ना पड़ा।
COVID-19 का आपके करियर पर क्या असर पड़ा?
कौशिकी मिश्रा (Kaushiki Mishra) बताती हैं कि कोविड-19 महामारी के कारण उनका काम पूरी तरह बंद हो गया और उन्हें घर पर ही रहना पड़ा। शूटिंग शुरू होने के बाद भी पहले जैसी आज़ादी और सुरक्षा के साथ काम करना संभव नहीं हो पाया।
इसी वजह से उन्होंने कुछ प्रोजेक्ट्स छोड़ भी दिए और फिलहाल वह घर पर ही रहकर हालात सामान्य होने का इंतजार कर रही हैं।
आपका रोल मॉडल कौन है?
कौशिकी मिश्रा (Kaushiki Mishra) बताती हैं कि उनकी रोल मॉडल अभिनेत्री तब्बू हैं, जिनसे उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इसके अलावा वह स्मिता पाटिल और पंकज त्रिपाठी को भी अपना आदर्श मानती हैं और उनके काम से प्रेरणा लेती हैं।
