Ramdayal : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग द्वारा आयोजित किए गए राजस्व लेखपाल भर्ती परीक्षा 2022 का परिणाम हाल ही में आयोग द्वारा घोषित किया गया। राजस्व लेखपाल के अंतिम परिणाम में 8085 पदों के सापेक्ष 7897 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के ग्राम सराय चांद पार के निवासी रामदयाल (Ramdayal) भी उन्हीं अभ्यर्थियों में से एक अभ्यर्थी हैं, जिनका राजस्व लेखपाल के पद पर अंतिम चयन हुआ है, परिणाम आने के बाद इनके परिवार में खुशी का माहौल है।
समस्याओं से जूझते हुए लेखपाल पद पर चयनित हुए रामदयाल (Ramdayal)

राजस्व लेखपाल के पद पर चयनित होने वाले अभ्यर्थी रामदयाल (Ramdayal) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं। इनके पिता का नाम रामप्रीत तथा माता का नाम मांडवी देवी है। रामदयाल की प्रारंभिक शिक्षा गोरखपुर के खजनी में श्रीमती द्रौपदी देवी त्रिपाठी इंटर कॉलेज से हुई। इसके बाद इन्होंने मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज से बी.टेक की पढ़ाई पूरा किया।
इन्हें बचपन में समाचार पत्र पढ़ना और टीवी पर सुषमा स्वराज का भाषण सुनना अच्छा लगता था। इन सब से रामदयाल के अंदर भारतीय राजनीति को लेकर समझ विकसित हुई। बचपन से ही राजनीति और समाज की गहराइयों में रुचि रखने वाले रामदयाल के लिए इंजीनियरिंग बोझ सी लगने लगी, हालांकि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि वे राजनीति में करियर बना सकें।
सिविल सेवा की तैयारी
रामदयाल ने इंजीनियरिंग करने के बाद सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी। बिना कोचिंग के परीक्षा को पास करना किसी भी अभ्यर्थी के लिए आसान नहीं होता है, लेकिन इसके बावजूद रामदयाल ने स्वाध्याय के बल पर दो बार यूपीपीसीएस की मुख्य परीक्षा तक पहुंचने का प्रयास किया।
कोविड काल में मां का निधन
कोरोना काल में न जाने कितने लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया। लेखपाल पर चयनित अभ्यर्थी रामदयाल उन लोगों में से एक हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने अपनी माता मांडवी देवी को खो दिया। उस समय वे पूरी तरह टूट चुके थे और जीवन में कोई उद्देश्य ही नहीं दिखाई दे रहा था। इस बीच उत्तर प्रदेश में राजस्व लेखपाल की भर्ती आई, जिसके बाद उन्होंने मन ही मन इस नौकरी को हासिल करने का लक्ष्य बनाया। रामदयाल ने कठिन परिश्रम कर इस परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया और उन्हें उम्मीद थी कि परिणाम आने के बाद उनका चयन हो जाएगा।
राजस्व लेखपाल परिणाम में हुआ विलंब
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित किए गए राजस्व लेखपाल भर्ती परीक्षा के परिणाम आने में बहुत समय लगा। परीक्षा 31 जुलाई 2022 को आयोजित की गई थी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन का परिणाम 2 मई को जारी किया गया। कुछ प्रश्नों को लेकर कोर्ट में चल रहे विवादों के चलते परिणाम में विलंब हुआ। सितंबर 2023 से दिसंबर 2023 के दौरान UPSSSC ने दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग द्वारा 30 दिसंबर 2023 को अंतिम परिणाम घोषित किया गया, जिसमें रामदयाल चयनित हुए।
मित्रों का मिला सहयोग

राजस्व लेखपाल परीक्षा परिणाम में विलंब होने पर रामदयाल समेत परीक्षा में भाग लेने वाले हर अभ्यर्थी परेशान थे और परिणाम जल्द से जल्द जारी हो सके, इसके लिए अभ्यर्थियों ने लखनऊ के एकाना स्टेडियम में पोस्टर तक दिखाई। इसी बीच राजस्व लेखपाल पद की भर्ती प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके। इसके लिए रामदयाल समेत उनके कई मित्रों—संजय यादव, मुकुल मिश्रा, धर्मेंद्र यादव, पुनीत त्रिपाठी, सुरेंद्र गुप्ता—का बहुत साथ मिला।

Leave a comment